Haldwani: जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत सर्किट हाउस हल्द्वानी में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन का सत्र सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान जनगणना कार्य से जुड़े फील्ड ट्रेनरों को प्रथम चरण की गणना से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र नेगी एवं जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. मुकेश नेगी ने प्रतिभागियों को जनगणना प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण के दौरान दी गई जानकारी को भली-भांति समझें, ताकि वे आगे संगणकों और सुपरवाइजरों को प्रभावी ढंग से प्रशिक्षित कर सकें और जनगणना कार्य को बिना किसी त्रुटि के संपन्न कराया जा सके।
अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र नेगी ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका अहम होती है। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को निर्देशित किया कि वे प्रशिक्षण में दी गई जानकारी को गंभीरता से आत्मसात करें और फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं को समय रहते उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाएं।
बैठक के दौरान जनगणना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने आपसी समन्वय बनाए रखते हुए कार्य को समयबद्धता और पूर्ण शुद्धता के साथ पूरा करने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण सत्र में तहसीलदार धारी मनीषा विष्ट, जनपद के विभिन्न विकासखंडों के खंड विकास अधिकारी, मास्टर ट्रेनर, फील्ड ट्रेनर एवं संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
