Dehradun: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज गढ़ी कैंट क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट पहुंचकर रसोई गैस आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों से बातचीत कर मौजूदा हालात की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल गैस का कोई बड़ा संकट नहीं है, लेकिन यदि आने वाले दिनों में आवश्यकता पड़ी तो देशवासियों को कोरोना काल की तरह एकजुट होकर इस चुनौती का सामना करना होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हर स्तर पर आपूर्ति को बनाए रखने के लिए प्रयासरत है।
निरीक्षण के दौरान एक रेस्टोरेंट संचालक ने बताया कि सप्लाई में हल्की कमी जरूर आई है, लेकिन गैस उपलब्ध हो रही है। उन्होंने खपत कम करने के लिए तंदूर के अधिक उपयोग की जानकारी दी। इस पर मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए प्रशासन को वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार भी गैस आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने आम जनता और व्यापारियों से अपील की कि जरूरत पड़ने पर धैर्य और सहयोग बनाए रखें, ताकि किसी भी संभावित संकट से मिलकर निपटा जा सके।
उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि गैस के विकल्प के रूप में इंडक्शन सहित अन्य ऊर्जा स्रोतों का उपयोग किया जा सकता है। सरकार हर परिस्थिति में लोगों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।

Chief Editor, Aaj Khabar
