Headlines

Dehradun: कॉलेज वर्चस्व की रंजिश में बीटेक छात्र दिव्यांशु जाटराना की मौत, 3 आरोपी गिरफ्तार और 15 छात्रों पर हत्या का मुकदमा

Dehradun: कॉलेज वर्चस्व की रंजिश में बीटेक छात्र दिव्यांशु जाटराना की मौत, 3 आरोपी गिरफ्तार और 15 छात्रों पर हत्या का मुकदमा
शेयर करे-

Dehradun: देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में कॉलेज के छात्रों के बीच वर्चस्व की पुरानी रंजिश एक युवक की मौत का कारण बन गई। बीटेक के छात्रों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल 22 वर्षीय दिव्यांशु जाटराना ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कुल 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात थाना प्रेमनगर पुलिस को केहरी गांव में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल दिव्यांशु को पहले प्रेमनगर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया। एम्बुलेंस उपलब्ध न होने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपने सरकारी वाहन से उसे दून अस्पताल पहुंचाया। इसके साथ ही परिजनों को भी सूचना दी गई।

दून अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात दिव्यांशु की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का निवासी था और देहरादून के एक निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ाई कर रहा था।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, जांच में सामने आया है कि दोनों गुटों के छात्र एक ही निजी संस्थान में अध्ययनरत थे और उनके बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते 23 मार्च की रात को विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों—युवराज कुमार, मधुर खंडेलवाल और शिवम शर्मा—को गिरफ्तार कर लिया है। ये सभी आरोपी भी उसी शिक्षण संस्थान के छात्र हैं। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *