Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: हल्द्वानी व्यापारी सम्मेलन में सीएम धामी ने कीं 8 बड़ी घोषणाएं, आपदा राहत से पार्किंग और बीमा तक व्यापारियों को मिलेगी राहत

Haldwani: हल्द्वानी व्यापारी सम्मेलन में सीएम धामी ने कीं 8 बड़ी घोषणाएं, आपदा राहत से पार्किंग और बीमा तक व्यापारियों को मिलेगी राहत
शेयर करे-

Haldwani: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हल्द्वानी में आयोजित उत्तराखंड प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन का शुभारंभ करते हुए व्यापारियों के हितों की रक्षा, सुरक्षा और सम्मान के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और रोजगार सृजन से लेकर स्थानीय बाजारों को मजबूत बनाने तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने व्यापारी हितों से जुड़ी आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं और प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल की स्मारिका का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार व्यापारियों को केवल करदाता नहीं, बल्कि विकास का भागीदार मानती है। सरकार का प्रयास है कि व्यापारियों को भयमुक्त, सुरक्षित और पारदर्शी व्यावसायिक वातावरण मिले तथा उन्हें अनावश्यक प्रक्रियाओं और सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। व्यापारियों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान और उनके साथ नियमित संवाद स्थापित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में व्यापार, उद्यमिता, डिजिटल लेन-देन और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिला है। उत्तराखंड में भी व्यापारिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत किया गया है। इसके तहत 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। निवेशकों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘निवेश मित्र’ व्यवस्था, उत्तराखंड स्टार्टअप नीति और 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड के माध्यम से उद्यमिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास और रोजगार के अवसरों को पर्वतीय क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित करने के उद्देश्य से भूमि चिह्नित की गई है। इससे स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

व्यापारी हितों के लिए मुख्यमंत्री की 8 महत्वपूर्ण घोषणाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मेलन में व्यापारियों के हितों से जुड़ी आठ घोषणाएं करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा या अन्य आपदाओं से प्रभावित व्यापारियों को नियमानुसार उचित राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य और जिला स्तर पर उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन कर नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों के दुर्घटना बीमा से संबंधित जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि पात्र व्यापारियों के आश्रित समय पर बीमा दावे की प्रक्रिया पूरी कर सकें। पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया सरल बनाने और सिंगल विंडो व्यवस्था लागू करने की घोषणा भी की गई।

इसके साथ ही पर्यटन बहुल क्षेत्रों और जिला मुख्यालयों में होम स्टे सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। चारधाम यात्रा मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर पार्किंग विकसित की जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों और अन्य प्रमुख मार्गों से जुड़े बाजारों में सड़कों तथा नालियों के निर्माण और मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए भी कदम उठाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में स्थानीय व्यापार, पर्यटन, लघु उद्योग और स्वरोजगार की अहम भूमिका है। सरकार चाहती है कि प्रदेश के व्यापारी केवल स्थानीय बाजारों तक सीमित न रहें, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान स्थापित करें। उन्होंने व्यापारियों से आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

सम्मेलन के दौरान प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल की स्मारिका का विमोचन किया गया और व्यापार मंडल की विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत और सरिता आर्या, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा, प्रदेश महामंत्री प्रकाश मिश्रा, प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष विष्णु शर्मा, सचिव बिट्टू पालीवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, मोहन पाठक, भावना मेहरा, शोएब अहमद, डॉ. यूनुस चौधरी, शांति मेहरा, रेणु अधिकारी, भुवन पाठक, हुकुम सिंह कुंवर, देवेंद्र ढेला, तरुण बंसल, राजेंद्र बिष्ट, जेड वारसी, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी विवेक राय सहित प्रदेशभर से आए व्यापारी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Haldwani

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *