Dehradun: राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय की इमरजेंसी में एक बार फिर मारपीट और हंगामे का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह करीब 4:30 से 5 बजे के बीच दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक कथित तौर पर चापड़ लेकर इमरजेंसी में घुस गया। घटना के दौरान अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ, मरीजों और तीमारदारों के बीच अफरातफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, सुबह दून अस्पताल के पास किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद एक पक्ष के लोग मारपीट में लगी चोटों का उपचार कराने अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे। कुछ देर बाद दूसरा पक्ष भी उनके पीछे इमरजेंसी में पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक चापड़ लेकर वहां घुसा और गाली-गलौज करने लगा। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
इमरजेंसी में मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने हंगामा कर रहे युवकों को परिसर से बाहर जाने के लिए कहा, लेकिन वे उनकी बातों को नजरअंदाज करते हुए गाली-गलौज करते रहे। हालांकि, सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी के चलते किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। इस घटना ने अस्पताल में इलाज कराने पहुंचने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गौर करने वाली बात यह है कि अस्पताल परिसर में इमरजेंसी के पास ही पुलिस चौकी स्थापित है। इसके बावजूद विवाद करने वाले लोग इमरजेंसी तक पहुंच गए। ऐसे में पुलिस की मौजूदगी और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
दून अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. आरएस बिष्ट ने बताया कि घटना शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे की है। मारपीट में घायल कुछ लोग उपचार कराने अस्पताल पहुंचे थे। कुछ देर बाद दूसरा पक्ष भी वहां पहुंच गया और इमरजेंसी में दोनों पक्षों के बीच दोबारा मारपीट हो गई। उन्होंने कहा कि परिसर में पुलिस चौकी होने के बावजूद पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थे, जिसके कारण हंगामा करने वालों को नियंत्रित करने में परेशानी हुई।
वहीं, देहरादून के एसपी सिटी शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि घटना सुबह करीब 4:30 बजे की है। दो मरीजों और उनके तीमारदारों के बीच मारपीट हुई थी। उस समय मौके पर एक पुलिसकर्मी मौजूद था। उन्होंने कहा कि यदि सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक हुई है तो इसकी जांच की जाएगी। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जाएगी।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
