Haldwani: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार 17 जनवरी 2026 को एक दिवसीय जनपद भ्रमण पर नैनीताल जिले के हल्द्वानी पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री का भ्रमण आम्रपाली विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित शेफ संवाद कार्यक्रम के दृष्टिगत प्रस्तावित है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शनिवार को दोपहर 12:30 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा देहरादून से प्रस्थान कर पूर्वाह्न 1:30 बजे आम्रपाली विश्वविद्यालय लामाचौड़ परिसर स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। शेफ संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के उपरांत मुख्यमंत्री अपराह्न 2:30 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा देहरादून के लिए प्रस्थान करेंगे।
मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी द्वारा कैंप कार्यालय हल्द्वानी में पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
एसएसपी ने सभी प्रमुख स्थलों पर स्पष्ट पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने, हेलीपैड क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा एवं रिहर्सल ड्रिल कराने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रखने तथा सभी मार्गों पर सुचारु यातायात के लिए आवश्यक रूट डायवर्जन लागू करने के निर्देश दिए। वीआईपी मूवमेंट के दौरान प्रभावी भीड़ नियंत्रण, सोशल मीडिया और मैन्युअल इंटेलिजेंस के माध्यम से संदिग्ध व अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में चेकिंग प्वॉइंट्स फिक्स करते हुए सघन चेकिंग, एंटी-सबोटाज जांच, वाहन सत्यापन और संदिग्ध व्यक्तियों व सामान की गहन जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही कार्यक्रम में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को भली-भांति ब्रीफ कर प्रत्येक प्वॉइंट पर स्पष्ट जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी नैनीताल ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गोष्ठी में जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भौतिक रूप से तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

Chief Editor, Aaj Khabar
