Headlines

Ramnagar: रामनगर में युवक की हत्या का खुलासा, 48 घंटे में पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

Ramnagar: रामनगर में युवक की हत्या का खुलासा, 48 घंटे में पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
शेयर करे-

Ramnagar: रामनगर क्षेत्र में हुई युवक की हत्या का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। घटना के संबंध में हत्यारोपी युवक सहित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त ईंट और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।

जानकारी के अनुसार 15 जनवरी 2026 को कोतवाली रामनगर को सूचना मिली थी कि कार्बेट कॉलोनी निगम की ओर जाने वाले रास्ते पर नहर किनारे एक युवक खून से लथपथ अचेत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मृतक की पहचान समीर उर्फ लक्की पुत्र छिद्दन निवासी आदर्श नगर शंकरपुर भूल, रामनगर के रूप में हुई। मृतक के भाई रिजवान की तहरीर पर थाना रामनगर में एफआईआर संख्या 12/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने चार टीमें गठित कीं। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे करीब 45 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी और मैनुअल जांच के आधार पर नजीर पुत्र रज्जन खान उर्फ रज्जू निवासी गुलरघट्टी रामनगर को संदिग्ध के रूप में चिन्हित किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाली रात वह समीर उर्फ लक्की और आशीष के साथ नशा कर रहा था। इसी दौरान आपसी विवाद हो गया। झगड़े में समीर ने उसे मुक्का मारकर नहर में धक्का दे दिया, जिससे वह आक्रोशित हो गया। गुस्से में आरोपी ने समीर को जमीन पर गिराकर आधी ईंट से उसके सिर और चेहरे पर वार किया। खून बहता देख वह मौके से फरार हो गया और घटना में प्रयुक्त ईंट झाड़ियों में फेंक दी। खून लगे कपड़ों को बदलकर आरोपी ने उन्हें भी कोसी नदी के किनारे फेंक दिया।

पुलिस ने अभियुक्त नजीर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट, कपड़े और जूते बरामद किए। विवेचना के दौरान यह भी सामने आया कि आशीष ने झगड़े की जानकारी पुलिस को नहीं दी, जिस पर उसके विरुद्ध धारा 239 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार अभियुक्तों में नजीर पुत्र रज्जन खान उर्फ रज्जू उम्र 20 वर्ष निवासी गुलरघट्टी रामनगर और आशीष पुत्र हेम सिंह उम्र 21 वर्ष निवासी पुछड़ी रामनगर शामिल हैं। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *