Haldwani: कैंप कार्यालय में शनिवार को आयोजित जनसुनवाई में कुमाऊं कमिश्नर एवं सचिव मा0 मुख्यमंत्री दीपक रावत ने जनता की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही त्वरित समाधान किया। जनसुनवाई में मुख्य रूप से भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, अतिक्रमण और सड़क से संबंधित शिकायतें सामने आईं।
विगत जनसुनवाई में चम्पावत जिले के पटनगांव मूलाकोट निवासी सुन्दर सिंह ने शिकायत की थी कि उन्होंने 1500 वर्ग फीट भूमि की खरीद के लिए 13 लाख रुपये एडवांस में मनोज सिंह धपौला को दिए थे, लेकिन तय समय में भूमि की रजिस्ट्री नहीं कराई गई। इस पर आयुक्त ने मनोज सिंह को राशि लौटाने के निर्देश दिए थे। शनिवार को मनोज सिंह द्वारा 4.5 लाख रुपये वापस कर दिए गए, और शेष राशि भी तय अवधि में लौटाने की बात कही गई।
मई माह में पत्रकारों के साथ हुए लिफ्ट हादसे की शिकायत पर आयुक्त ने पूर्व में सिटी मजिस्ट्रेट को जांच के आदेश दिए थे। शनिवार को लिफ्ट संचालक और भवन स्वामी ने बताया कि लिफ्ट संचालन अब मानकों के अनुसार हो रहा है और उसमें सुरक्षा गार्ड तथा क्षमता अलार्म लगाया गया है। आयुक्त ने निर्देश दिए कि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए समय-समय पर निगरानी की जाए।
मुखर्जी नगर जगतपुरा निवासी राधा पांडे ने बताया कि उनके भूखंड का अधिग्रहण बाईपास निर्माण के लिए किया गया, लेकिन उन्हें मौजूदा सर्किल रेट के अनुसार मुआवजा नहीं मिला। इस पर आयुक्त ने भू-अधिपत्य अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने यह भी कहा कि राजस्व उपनिरीक्षकों द्वारा दाखिल-खारिज के समय लगाए जाने वाले प्रतिवेदनों में खामियां पाई जा रही हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि स्थलीय निरीक्षण के उपरांत ही सही रिपोर्ट लगाई जाए। जानबूझकर गलत प्रतिवेदन लगाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जनसुनवाई में अन्य शिकायतों में रविंद्र कौर ने भूमि पर कब्जा दिलाने, सतीश खुल्वे ने पुत्र की गुमशुदगी, मनोज कुमार बधानी ने धोखाधड़ी से जाति परिवर्तन कर अकृषक घोषित किए जाने तथा रामपाल कत्था फैक्ट्री ने भवन स्वामी द्वारा सामान जब्त कर बाहर फेंकने की शिकायत की।
आयुक्त द्वारा अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

