Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: प्राचीन मंदिरों की तोड़फोड़ के विरोध में कांग्रेस का आक्रोश, हल्द्वानी में भाजपा सरकार का पुतला दहन

Haldwani: प्राचीन मंदिरों की तोड़फोड़ के विरोध में कांग्रेस का आक्रोश, हल्द्वानी में भाजपा सरकार का पुतला दहन
शेयर करे-

Haldwani: कांग्रेस ने बनारस एवं दिल्ली में वर्षों पुराने मंदिरों तथा देवी-देवताओं की मूर्तियों को चेन से खींचकर तोड़े जाने की घटनाओं को अत्यंत दुखद, निंदनीय और देश की आस्था व सांस्कृतिक विरासत पर गहरी चोट करार दिया। इन घटनाओं के विरोध में आज हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी सरकार का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि सनातन परंपरा के प्रतीक मंदिर और देवी-देवताओं की मूर्तियाँ केवल पूजन-स्थल नहीं, बल्कि भारत की हजारों वर्षों पुरानी सांस्कृतिक चेतना, आस्था और सभ्यता की आत्मा हैं। उन्होंने काशी स्थित मणिकर्णिका घाट की पवित्रता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह स्थान सनातन धर्म की जीवंत परंपरा का प्रतीक है, जहां मोक्ष की मान्यता सदियों से चली आ रही है। ऐसे पावन क्षेत्र के आसपास प्राचीन मंदिरों और मूर्तियों को जेसीबी मशीनों से तोड़ा जाना सनातन धर्म की घोर अवहेलना है और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था पर गंभीर आघात है।

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि काशी जैसे पवित्र और ऐतिहासिक धार्मिक स्थल में मंदिरों और मूर्तियों को तोड़े जाने की घटना शर्मनाक और निंदनीय है। काशी केवल एक शहर नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है। ऐसी घटनाएँ यह दर्शाती हैं कि भाजपा शासन में सनातन आस्था सुरक्षित नहीं है।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने दिल्ली के ऐतिहासिक झंडेवाला मंदिर को तोड़े जाने की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह देश की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्था पर सीधा हमला है। राजधानी तक में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित न होना सरकार की नाकामी और दोहरे चरित्र को उजागर करता है।

पुतला दहन के दौरान कांग्रेसजनों ने कहा कि धार्मिक स्थलों और सनातन आस्था के प्रतीकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है, लेकिन भाजपा सरकार इस दायित्व में पूरी तरह विफल रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोषी अधिकारियों और असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई, तथा भविष्य में मंदिरों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा के लिए ठोस और स्थायी व्यवस्था लागू करने की मांग की।

कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी हरीश मेहता, सतीश नैनवाल, हेमंत बगड़वाल, प्रकाश पांडे, हरेंद्र बोरा, एन.बी. गुणवंत, सुहैल सिद्दीकी, नंदन दुर्गापाल, खजान पांडे, मलय बिष्ट, बहादुर बिष्ट, मयंक भट्ट, हेमंत साहू, प्रदीप नेगी, पार्षद भागीरथी बिष्ट, कमला सनवाल, रेनू तोमर, गीता बहुगुणा, अलका आर्य, भगवती जोशी, पुष्पा सम्मल, योगेश जोशी, पार्षद रवि जोशी, विनोद कुमार, पार्षद मोहम्मद गुफरान, ब्लॉक अध्यक्ष मोहन बिष्ट, जाकिर हुसैन, गोविंद बिष्ट, हेमंत पाठक, हिमांशु जोशी सहित सैकड़ों कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *