Rudrapur: उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ के छोटे पुत्र और रुद्रपुर नगर निगम वार्ड संख्या 39 के पार्षद सौरभ बेहड़ पर देर शाम अज्ञात तीन हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में सौरभ बेहड़ गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाल ही में हुए एक विवाद के निपटारे के सिलसिले में सौरभ बेहड़ ट्रांजिट कैंप कोतवाली जा रहे थे। इसी दौरान आवास विकास क्षेत्र में पहले से घात लगाए तीन नकाबपोश हमलावरों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमले में वे बुरी तरह घायल हो गए।
घटना के बाद सौरभ बेहड़ को तत्काल रुद्रपुर के नैनीताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने उनकी स्थिति को देखते हुए आईसीयू में शिफ्ट करने की तैयारी शुरू कर दी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी, स्थानीय पुलिस बल और विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कई नेता मौके पर पहुंचे। आवास विकास चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

Chief Editor, Aaj Khabar
