Haldwani: रविवार सुबह घने कोहरे के कारण हाईवे पर हुए अलग-अलग सड़क हादसों में परिवहन निगम से जुड़ी दिल्ली और मेरठ रूट की तीन अनुबंधित बसें दुर्घटनाग्रस्त हो गईं। इन घटनाओं में कुल 16 यात्री घायल हो गए। हादसों के बाद यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिलाया गया और उन्हें वैकल्पिक बसों के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
परिवहन निगम के अनुसार, हल्द्वानी डिपो की एक अनुबंधित बस रविवार सुबह करीब छह बजे 40 यात्रियों को लेकर मेरठ के लिए निकली थी, जबकि काठगोदाम डिपो की दूसरी बस 25 यात्रियों के साथ दिल्ली जा रही थी। सुबह करीब साढ़े आठ बजे मुरादाबाद के दलपतपुर क्षेत्र में पहले से हुई एक बस दुर्घटना के कारण पुलिस ने हाईवे पर यातायात रोक दिया था। इसी दौरान घने कोहरे के चलते दृश्यता बेहद कम हो गई और पीछे से आ रही कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इस चेन टक्कर में मेरठ और दिल्ली जा रही दोनों रोडवेज अनुबंधित बसें भी चपेट में आ गईं।
एआरएम हल्द्वानी संजय पांडे ने बताया कि इस हादसे में एक यात्री को मामूली चोट आई है, जबकि काठगोदाम डिपो के एआरएम गणेश पंत ने भी एक यात्री के घायल होने की पुष्टि की है।
इसी क्रम में रुद्रपुर डिपो की एक अनुबंधित सीएनजी बस सुबह करीब साढ़े नौ बजे गजरौला के पास सड़क पर गलत तरीके से खड़े ट्राले से टकरा गई। इस बस में कुल 27 यात्री सवार थे, जिनमें चालक समेत 15 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही रुद्रपुर डिपो की यातायात अधीक्षक इंदिरा भट्ट टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि शेष यात्रियों को दूसरी बसों से आगे के लिए भेजा गया।
बताया गया कि दिल्ली जा रही दोनों बसें अनुबंधित सीएनजी बसें थीं, जिनकी बॉडी नियमित रोडवेज बसों की तुलना में कम मजबूत होती है। इसी कारण टक्कर में बसों को अधिक नुकसान हुआ और एक बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इसके अलावा काठगोदाम से दिल्ली जा रही एक वाल्वो बस भी गाजियाबाद के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें चालक सहित 12 यात्री घायल बताए गए हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
