Rudrapur: पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के छोटे पुत्र और रुद्रपुर नगर निगम के पार्षद सौरभ बेहड़ पर हुए जानलेवा हमले के बाद पुलिस पूरी तरह एक्टिव मोड में आ गई है। घायल पार्षद को रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल सामान्य बनी हुई है।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में राजनीतिक दलों के नेताओं और समर्थकों का जमावड़ा लग गया। रुद्रपुर नगर निगम के मेयर और स्थानीय विधायक अस्पताल पहुंचे और सौरभ बेहड़ का हालचाल जाना। देर रात मणिकांत मिश्रा भी अस्पताल पहुंचे और घायल पार्षद से मुलाकात की। एसएसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है और जांच तेज़ी से आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने पहले पार्षद की स्कूटी को गिराया और फिर उनके साथ जमकर मारपीट की। प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्धों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हमले के पीछे के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
बताया गया है कि बीती देर शाम सौरभ बेहड़ किसी मामले को लेकर आवास विकास चौकी की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने उन्हें रोककर हमला कर दिया। इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया है और नकाबपोश बदमाशों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
घटना को लेकर कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे निंदनीय बताया और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं और पुलिस को त्वरित व सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

Chief Editor, Aaj Khabar
