Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Dehradun: देहरादून–चकराता मार्ग पर दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी कार से मेजर शुभम सैनी की मौत

Dehradun: देहरादून–चकराता मार्ग पर दर्दनाक हादसा, खाई में गिरी कार से मेजर शुभम सैनी की मौत
शेयर करे-

Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के चकराता क्षेत्र में बीते शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना के मेजर शुभम सैनी का निधन हो गया। हादसे की खबर से सेना, परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, मेजर शुभम सैनी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद स्थित कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के घसौली गांव के निवासी थे। बताया गया कि उनके दो मित्र देहरादून में परीक्षा देने आए हुए थे। शनिवार सुबह शुभम अपने दोस्तों को कार से चकराता के पास एक होटल में छोड़कर वापस अपनी यूनिट लौट रहे थे। इसी दौरान देहरादून–चकराता मार्ग पर उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में मेजर शुभम सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही सेना और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं।

आनन-फानन में परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई। बेटे की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन देर रात ही उत्तराखंड के लिए रवाना हो गए।

परिजनों ने बताया कि मेजर शुभम सैनी के परिवार में फरवरी माह में खुशियों का माहौल था। आगामी 18 फरवरी को उनके बड़े भाई तुषार की शादी होनी थी, जिसके चलते शुभम छुट्टी पर घर आने की तैयारी में थे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

मेजर शुभम सैनी के पिता सत्येंद्र कुमार सैनी भारतीय सेना से सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हैं। शुभम का चयन वर्ष 2015 में एनडीए के लिए हुआ था। 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने एनडीए में प्रवेश लिया और पुणे में तीन वर्ष का कठिन प्रशिक्षण प्राप्त किया। वर्ष 2019 में एनडीए से पास आउट होने के बाद उनकी पहली तैनाती पंजाब के भटिंडा में हुई थी। वर्तमान में वह देहरादून के चकराता क्षेत्र में तैनात थे, जो उनकी दूसरी पोस्टिंग थी।

परिवार के अनुसार, कमीशन के बाद शुभम सेना में लेफ्टिनेंट बने और बाद में पदोन्नति पाकर मेजर के पद तक पहुंचे। उनकी अभी शादी नहीं हुई थी। उनका बड़ा भाई नोएडा में निजी क्षेत्र में कार्यरत है।

मेजर शुभम सैनी के पिता ने बताया कि उनके पुत्र का अंतिम संस्कार पैतृक गांव घसौली, मेरठ में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। देश की सेवा करते हुए एक होनहार अधिकारी के असमय निधन से क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *