Headlines

Haldwani: कांग्रेस नेताओं के एसएसपी कार्यालय में कथित अभद्र व्यवहार पर मंत्री कैड़ा का हमला, बोले पद की गरिमा के अनुरूप करें आचरण

Haldwani: कांग्रेस नेताओं के एसएसपी कार्यालय में कथित अभद्र व्यवहार पर मंत्री कैड़ा का हमला, बोले पद की गरिमा के अनुरूप करें आचरण
शेयर करे-

Haldwani:  कांग्रेस की जनसभा के दौरान एसएसपी कार्यालय में कांग्रेस नेताओं द्वारा कथित अभद्रता और आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल को लेकर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए पूरे घटनाक्रम की निंदा की।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि पुलिस अधिकारियों के साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक एवं महत्वपूर्ण पदों पर बैठे नेताओं को अपने पद की गरिमा और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप व्यवहार करना चाहिए।

कैड़ा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता लोकतांत्रिक मर्यादाओं को दरकिनार कर दबाव और भय की राजनीति करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता से बाहर रहते हुए यदि कांग्रेस नेताओं का यह रवैया सामने आ रहा है, तो इससे उनकी राजनीतिक मानसिकता स्पष्ट होती है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पुलिस प्रशासन के साथ कथित अभद्रता के पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

वहीं, मंत्री कैड़ा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आरएसएस और भाजपा को लेकर दिए गए हालिया बयान पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आरएसएस और भाजपा की तुलना सांप से करना तथा उन्हें समाप्त करने जैसी भाषा का प्रयोग करना लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।

कैड़ा ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे को अपने बयान के लिए उत्तराखंड और देश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को अपनी राजनीतिक हार का डर सता रहा है, जिसके चलते वह इस तरह के विवादित और कथित तौर पर अमर्यादित कृत्यों का सहारा ले रही है।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि कांग्रेस चाहे कितने भी राजनीतिक प्रपंच रच ले, जनता उसे सत्ता में वापस लाने वाली नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *