Headlines

Haldwani: स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, बिजली बिलों की प्रतियां जलाकर सरकार पर साधा निशाना

Haldwani: स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, बिजली बिलों की प्रतियां जलाकर सरकार पर साधा निशाना
शेयर करे-

Haldwani: हल्द्वानी में स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को पूर्व राज्य मंत्री एवं कांग्रेस नेता ललित जोशी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बुद्ध पार्क में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बढ़े हुए बिजली बिलों की प्रतियां जलाकर सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि सरकार उपभोक्ताओं पर जबरन स्मार्ट मीटर थोप रही है। उनका कहना था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिससे आम लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है।

कांग्रेस नेता ललित जोशी ने कहा कि स्मार्ट मीटर जनता के लिए सुविधा नहीं बल्कि परेशानी का कारण बन गए हैं। उन्होंने सरकार से स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने, बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा कराने और स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

ललित जोशी ने मुख्यमंत्री के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें स्मार्ट मीटर स्वेच्छा से लगाए जाने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में स्मार्ट मीटर स्वैच्छिक आधार पर लगा रही है तो इस संबंध में स्पष्ट शासनादेश (जीओ) जारी किया जाए। उनका आरोप था कि सरकार केवल बयान देकर मामले की लीपापोती कर रही है, जबकि अधिकारी जवाबदेही से बच रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर के विरोध की मुहिम आगे भी जारी रहेगी।

प्रदर्शन में पार्षद भागीरथी बिष्ट, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेमंत बगड़वाल, मनोज खुल्बे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता दीप चंद्र पाठक, विवेक भट्ट, पूर्व पार्षद राधा आर्या, विनोद कुमार पिन्नू, लीला कांडपाल, करण नेगी, जिला पंचायत सदस्य अर्जुन बिष्ट, मेहुल शाह, सार्थक रस्तोगी, संजय किरौला, महेश कांडपाल, मयंक भट्ट, लाल सिंह पंवार, दिग्विजय चौहान, विवेक मिश्रा, मयंक गोस्वामी, हेमू रंगवाल सहित अनेक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *