Headlines

Haldwani: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद जी के अपमान के विरोध में हल्द्वानी में कांग्रेस का मौन उपवास

Haldwani: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद जी के अपमान के विरोध में हल्द्वानी में कांग्रेस का मौन उपवास
शेयर करे-

Haldwani: माघ मेले, प्रयागराज में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद जी सहित साधु-संतों एवं संन्यासियों के साथ हुई अमर्यादित और निंदनीय बदसलूकी के विरोध में आज कांग्रेस द्वारा हल्द्वानी में मौन उपवास आयोजित किया गया। यह मौन उपवास हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में प्राचीन राम मंदिर, रामलीला मोहल्ला के प्रांगण में दो घंटे तक चला।

कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पूर्ण श्रद्धा, अनुशासन और शांति के साथ मौन उपवास रखकर सनातन धर्म, संत समाज और धार्मिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था और सम्मान प्रकट किया। मौन उपवास का समापन सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा के पाठ के साथ किया गया।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि प्रयागराज के माघ मेले जैसे पावन आयोजन में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद जी महाराज सहित साधु-संतों के साथ हुई बदसलूकी अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य है। संत समाज सनातन धर्म की आत्मा है और सदैव समाज का मार्गदर्शन करता आया है। उनका अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मौन उपवास किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि सनातन धर्म की गरिमा, संत समाज के सम्मान और धार्मिक मूल्यों की रक्षा के लिए आयोजित किया गया है। कांग्रेस पार्टी हर धर्म का सम्मान करती है और आस्था, संस्कृति व भाईचारे की रक्षा के लिए जनता के साथ खड़ी रहेगी।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि संत-महात्माओं का अपमान केवल सनातन संस्कृति ही नहीं, बल्कि देश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत पर भी आघात है। कांग्रेस पार्टी सदैव धर्म, आस्था और संविधान के मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है और भविष्य में भी ऐसे किसी भी कृत्य का पुरजोर विरोध करती रहेगी।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ठोस कदम उठाने की अपील की।

मौन उपवास में पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, हेमन्त बगड़वाल, एन.बी. गुणवंत, अवध विहारी शर्मा, नरेश अग्रवाल, जीवन कार्की, मलय बिष्ट, दीप पाठक, गोविंद बगड़वाल, शोभा बिष्ट, जया कर्नाटक, राजो टंडन, पार्षद नीमा भट्ट, पार्षद रवि जोशी, पार्षद मुकुल बलुटिया, पार्षद हेमन्त शर्मा, पार्षद हरगोविंद रावत, ब्लॉक अध्यक्ष मोहन बिष्ट सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *