Dehradun: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को दून लाइब्रेरी, देहरादून में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 130वें एपिसोड को सुना। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मन की बात का प्रत्येक एपिसोड समाज के लिए प्रेरणास्रोत होता है। यह कार्यक्रम उन लोगों के कार्यों को देश-दुनिया के सामने लाता है, जो सामान्य परिस्थितियों में भी निरंतर सेवा कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ को जन-जन का कार्यक्रम बनाया है, जिससे समाज के अन्य लोग भी सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में नवाचार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में तेजी से प्रगति हो रही है।
मुख्यमंत्री ने एआई के बढ़ते प्रभाव पर चर्चा करते हुए कहा कि आने वाले समय में एआई की भूमिका हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण होगी। जो कार्य पहले कई दिनों में पूरे होते थे, वे अब कुछ ही घंटों में संभव होंगे। उन्होंने बताया कि राज्य में एआई के उपयोग को लेकर संबंधित विभाग सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से राज्य सरकार ने कई ऐसे ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जो पहली बार उत्तराखंड में लागू हुए हैं। इन निर्णयों के कारण पूरे देश में उत्तराखंड की एक अलग पहचान बनी है।
उन्होंने कहा कि 27 जनवरी को समान नागरिक संहिता (UCC) लागू हुए एक वर्ष पूर्ण हो जाएगा। उत्तराखंड एक सीमावर्ती राज्य है, जहां चारधाम, गंगा और यमुना का उद्गम स्थल स्थित है। सुरक्षा की दृष्टि से राज्य अत्यंत संवेदनशील है, ऐसे में सभी नागरिकों के लिए समान कानून आवश्यक था और राज्य सरकार ने इसे लागू कर दिखाया है।
मुख्यमंत्री ने सभी से आग्रह किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और राज्य स्तर पर लिए गए निर्णयों को जन-जन तक पहुंचाने में सभी सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर विधायक श्री खजान दास, विधायक श्री सुरेश गढ़िया, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद बिष्ट, दायित्वधारी रजनी रावत, श्री अनिल गोयल, श्री संजय नेगी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
