Headlines

Haldwani: क्वींस पब्लिक स्कूल हल्द्वानी में राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन, जिलाधिकारी ने उत्कृष्ट बीएलओ व विद्यार्थियों को किया सम्मानित

Haldwani: क्वींस पब्लिक स्कूल हल्द्वानी में राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन, जिलाधिकारी ने उत्कृष्ट बीएलओ व विद्यार्थियों को किया सम्मानित
शेयर करे-

Haldwani: 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर हल्द्वानी स्थित क्वींस पब्लिक स्कूल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने प्री-एसआईआर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ तथा स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों में आयोजित पेंटिंग, क्विज, वाद-विवाद आदि प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों ने लोकतंत्र में मतदान के महत्व को प्रभावी रूप से उजागर किया है। उन्होंने कहा कि मतदान हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक नागरिक को निर्भीक होकर मतदान कर लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों द्वारा प्रस्तुत मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से सकारात्मक सोच के साथ मतदान का संदेश दिया गया। नाटिकाओं के माध्यम से बुजुर्गों, दिव्यांगों और गर्भवती महिलाओं के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी भी दी गई, जो अत्यंत सराहनीय है।

जिलाधिकारी ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र पर पूरे विश्व का भरोसा है और हमारे चुनाव निष्पक्ष व निर्भीकता के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने बताया कि निर्वाचक नामावली वर्ष में चार बार अद्यतन की जाती है, इसलिए सभी पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं तथा सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करें।

अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने कहा कि मतदान लोकतंत्र की आधारशिला है और आज से लगभग 15 वर्ष पूर्व इसी तिथि को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने की शुरुआत हुई थी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राज्य में प्री-एसआईआर अभियान चल रहा है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र नाम शामिल न हो। उन्होंने नागरिकों से अपने अधिकार को समझने और जिम्मेदार मतदाता बनने की अपील की। उन्होंने यह भी बताया कि विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत मतदाता गीत को भारत निर्वाचन आयोग तथा जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

कार्यक्रम से पूर्व जिलाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, मतदाता जागरूकता से संबंधित नुक्कड़ नाटक एवं गीत प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मतदाता जागरूकता हस्ताक्षर अभियान का भी शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद जायसवाल, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एच.डी. पाण्डे, खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह, क्वींस पब्लिक स्कूल के प्रबंधक आर.पी. सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. बी.बी. पाण्डे सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *