Haldwani: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा (IPS) ने 15 अक्टूबर को कोतवाली हल्द्वानी सभागार में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं तथा त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
एसएसपी ने विवेचना में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों को फटकार लगाई, जबकि बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में योगदान देने वाले 9 कार्मिकों—जगत सिंह भंडारी, विक्रम सिंह, जगदीश कोहली, प्रकाश नगरकोटी, जाकिर हुसैन, भूमिका थाना, मोहम्मद हाशिम, रंजीत सिंह और आनंद सिंह बिष्ट—को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि विवेचना की गुणवत्ता, अभियोग पंजीकरण और त्वरित निस्तारण पुलिस की साख से जुड़ा है। फॉरेंसिक टीम से समन्वय बढ़ाने और लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली समीक्षा बैठक में लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।
दीपावली पर्व को देखते हुए एसएसपी ने सभी थानाध्यक्षों और फायर सर्विस को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। बाजारों, ज्वैलरी दुकानों और बैंकों में विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने, सीसीटीवी चेक करने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के आदेश दिए गए। साथ ही, अवैध शराब, जुआ, नशा और साइबर अपराधों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए गए।
फायर सर्विस को पटाखा बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फायर टेंडर की तैनाती सुनिश्चित करने तथा सभी फायर हाइड्रेंट की जांच करने के निर्देश दिए गए।
सड़क सुरक्षा पर बल देते हुए ड्रंक एंड ड्राइव, ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग पर सख्त कार्रवाई की बात कही गई।
एसएसपी मीणा ने कहा—“ग्राउंड जीरो पर परफॉर्मेंस और डाटा परफॉर्मेंस दोनों मजबूत होने चाहिए।”
गोष्ठी में एसपी क्राइम/यातायात जगदीश चन्द्रा, एसपी सिटी प्रकाश चंद्र, सीओ सिटी नितिन लोहनी, सीओ लालकुआं दीपशिखा अग्रवाल, सीओ रामनगर सुमित पांडे, सीओ नैनीताल अमित कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार सहित सभी थाना, चौकी, यातायात और सीपीयू प्रभारी मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
