Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में साइबर ठगों का कहर, बैंक ऐप और टेलीग्राम के झांसे में दो लाख से अधिक की ठगी

Haldwani: हल्द्वानी में साइबर ठगों का कहर, बैंक ऐप और टेलीग्राम के झांसे में दो लाख से अधिक की ठगी
शेयर करे-

Haldwani: शहर में साइबर अपराधी लगातार नए-नए हथकंडों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। हाल ही में हल्द्वानी के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में साइबर ठगी के मामले सामने आए हैं, जिनमें दो लोगों से कुल मिलाकर लगभग पांच लाख रुपये की ठगी की गई।

पहला मामला मुखानी थाना क्षेत्र का है, जहां पंजाब नेशनल बैंक से सेवानिवृत्त कर्मी गंगाराम आर्या को साइबर ठगों ने शातिराना तरीके से चूना लगा दिया। उनके पुत्र विनीत भेटीवाल ने पुलिस को बताया कि 16 जून को उनके पिता अपने नए मोबाइल में पीएनबी वन एप्लीकेशन डाउनलोड कर रहे थे, तभी एक व्यक्ति ने उन्हें फोन कर खुद को बैंक प्रतिनिधि बताया और ऐप से जुड़ी जानकारी व्हाट्सएप पर साझा करने को कहा। बातचीत के दौरान उसने ओटीपी हासिल कर उनके तीन खातों से 2.44 लाख रुपये निकाल लिए। मामले में मुखानी थाने में मुकदमा दर्ज कर उसे साइबर क्राइम शाखा को सौंप दिया गया है।

दूसरी घटना काठगोदाम थाना क्षेत्र की है, जहां मित्रपुरम जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा निवासी ललित कुमार आर्या को टेलीग्राम ऐप के जरिये टास्क रेटिंग के नाम पर ठगा गया। ललित के अनुसार सितंबर में उनसे अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर कर टास्क पूरा करने को कहा गया और बदले में लाभ देने का झांसा दिया गया। विश्वास में लेकर उनसे कुल 2.55 लाख रुपये जमा कराए गए, लेकिन पैसे वापस नहीं मिले। शिकायत करने पर उन्हें और रकम जमा करने को कहा गया। बाद में ठगी का अहसास होने पर उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। इस मामले में भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए साइबर अपराध शाखा को जांच सौंपी है और नागरिकों से किसी भी अंजान कॉल या संदिग्ध एप से सतर्क रहने की अपील की है।

For latest news updates click here

For English news updates click here   

Pal ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *