Dehradun: उत्तराखंड एसटीएफ ने एक बड़े साइबर अपराध का खुलासा करते हुए आरोपी को देहरादून रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। आरोपी सल्लू फर्जी दस्तावेजों के साथ पकड़ा गया और उसने खुद को दिल्ली क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर एक व्यक्ति से 25 लाख रुपये की ठगी की थी।
अप्रैल 2025 में एक देहरादून निवासी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मार्च में एक व्यक्ति ने वीडियो कॉल के जरिए उससे संपर्क किया। कॉल के दौरान खुद को दिल्ली क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए आरोपी ने पीड़ित को डराया, धमकाया और आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर उसे वायरल करने की धमकी दी। इस ब्लैकमेलिंग के चलते पीड़ित ने डर और बदनामी के भय से कई बार रुपये ट्रांसफर किए।
एसटीएफ की जांच में सामने आया कि आरोपी मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है और पिछले दो वर्षों से विकासनगर क्षेत्र में निवास कर रहा था। वह स्थानीय लोगों को बहला-फुसलाकर उनके नाम पर बैंक खाते और सिम कार्ड खुलवाता था। इन दस्तावेजों का उपयोग वह साइबर अपराधों में करता और बाद में उन्हें बेच भी देता था। आरोपी अब तक लगभग 30 से 40 फर्जी बैंक खाते बनवा चुका है।
एसटीएफ ने आरोपी को रेलवे स्टेशन क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके पास से 1 मोबाइल, 8 पासबुक, 4 डेबिट कार्ड और 2 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर के अनुसार, पूछताछ में यह भी सामने आया है कि इन खातों में लाखों रुपये का लेन-देन हुआ है और देश के विभिन्न राज्यों में इनसे जुड़े साइबर अपराधों की शिकायतें दर्ज हैं।
एसटीएफ अब आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर अन्य राज्यों की एजेंसियों के साथ समन्वय कर जांच को आगे बढ़ा रही है।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

