Haldwani: शहर के सिंथिया इंटरनेशनल स्कूल में 19 मई से 25 मई 2026 तक आयोजित छह दिवसीय “कैलिडोस्कोप समर कैंप 2026” का रंगारंग प्रस्तुतियों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच सफल समापन हो गया। समर कैंप में विद्यार्थियों ने रचनात्मक, शैक्षिक और साहसिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
समर कैंप के दौरान बच्चों को संगीत, वाद्य यंत्र, नाटक, खेलकूद, आर्ट एंड क्राफ्ट, नृत्य, फायरलेस कुकिंग, टेबल एटीकेट्स, सिलाई एवं कढ़ाई जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही स्टोरी टेलिंग, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट और पॉटरी सेशन का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों को सिनेपोलिस हल्द्वानी में “सिनेमा टाइम” का अनुभव भी कराया गया।
एडवेंचर गतिविधियों के तहत स्विमिंग पूल, ज़िपलाइन और वी-टाइप ब्रिज जैसी रोमांचक एक्टिविटीज आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। समर कैंप के अंतिम दिन विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों की शानदार प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहा। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री कात्यायन रौतेला ने कहा कि समर कैंप बच्चों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच को मजबूत करने का प्रभावी मंच है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ व्यवहारिक अनुभव और जीवन कौशल भी प्रदान करना है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती तुलिका रस्तोगी ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें अनुशासन, टीमवर्क और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने समर कैंप में शामिल सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों की सराहना की।
समर कैंप को सफल बनाने में विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं स्टाफ सदस्यों वार्तिका रौतेला, मनीषा जोशी, शिवानी सक्सेना, अर्चना साह, ईशिका वर्मा, दीपा दरियाल, गोविंद सिंह, मुकुल किरोला सहित अन्य शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।

Chief Editor, Aaj Khabar
