Haldwani: शनिवार देर रात शहर में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने क्षेत्र को दहला दिया। गौलापार के देवला मल्ला कुंवरपुर में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में चंदन बिष्ट (35) और हरीश बृजवासी (32) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पवनेश कुलोरा (25) गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एसटीएच पहुंचाया, लेकिन चंदन और हरीश ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
दूसरा हादसा हल्द्वानी-नैनीताल हाईवे स्थित गुलाबघाटी के पास भद्यूनी मोड़ पर हुआ, जहां तेज रफ्तार बुलेट बाइक क्रैश बैरियर से टकरा गई। हादसे में ऋषभ गैड़ा (19) की खाई में गिरने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे युवक को सिर में गंभीर चोटें आईं।
पुलिस के अनुसार, दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे हादसा और भयावह हो गया। पुलिस ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और हेलमेट पहनने की अपील की है।

Chief Editor, Aaj Khabar
