Haldwani: हल्द्वानी में हाल ही में हुई अप्रिय घटनाओं को लेकर विधायक सुमित हृदयेश ने आज एसएसपी नैनीताल को ज्ञापन सौंपते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि शहर में कुछ असामाजिक और अराजक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने, घटना को साम्प्रदायिक रंग देने और शमा होटल सहित कई स्थानों पर तोड़फोड़ करने का प्रयास किया, जो हल्द्वानी की शांति और सौहार्द पर सीधा हमला है।
विधायक हृदयेश ने मांग की कि पुलिस घटना में शामिल सभी उपद्रवी तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख़्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करे। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर तुरंत कार्रवाई और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि हल्द्वानी की गंगा-जमुनी तहज़ीब को बिगाड़ने की इजाज़त किसी को नहीं दी जा सकती। शहर की शांति, सौहार्द और भाईचारे की रक्षा के लिए सभी लोग पूरी मजबूती से एकजुट हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई निश्चित रूप से होगी।
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी नैनीताल के अध्यक्ष राहुल छीमवाल, महानगर कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी के अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट, सतनाम सिंह चटवाल, सुहैल अहमद सिद्दीकी, नरेश अग्रवाल, शराफ़त ख़ान और तस्लीम अंसारी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar


