Haldwani: जनपद में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों को ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित स्थलों) का तत्काल सुधार करने, सड़कों पर साइनेज, स्पीड ब्रेकर और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ओवरस्पीडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से हल्द्वानी के तीनपानी बाईपास पर लगातार हो रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) और एनएचएआई के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक सुरक्षा कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने रात के समय दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सेंसर-युक्त एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने, परावर्तक (रिफ्लेक्टिव) साइन बोर्ड स्थापित करने, निगरानी कैमरे लगाने तथा रंबल स्ट्रिप की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि वाहनों की गति नियंत्रित हो सके और दुर्घटनाओं में कमी आए।
उन्होंने कहा कि तीनपानी बाईपास पर पीक आवर्स के दौरान पुलिस और परिवहन विभाग की विशेष तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालान, ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन, वाहन सीज करने तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा समिति को निर्देश दिए कि जनपद के सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट और संवेदनशील मार्गों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। दुर्घटना संभावित स्थलों पर क्रैश बैरियर, चेतावनी बोर्ड, पैराफिट निर्माण और निर्धारित गति सीमा लागू करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि कोसी, अमृतपुर और गौला क्षेत्र में खनिज वाहनों की आवाजाही से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए खनिज न्याय निधि से 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को ऐसे सभी मार्गों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए केंद्र सरकार की पीएम-राहत योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को दुर्घटना के दिन से सात दिनों तक 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है।
सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत जिलाधिकारी स्वयं सड़क पर पहुंचे और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को हेलमेट वितरित किए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सिर में गंभीर चोट के कारण होने वाली मौतों को कम करना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि अपनी सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाएं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात जगदीश चंद्र, संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडे, सचिव विकास प्राधिकरण मनीष कुमार, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, लोक निर्माण विभाग सहित एनएच, एनएचएआई और नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
