Headlines

Haldwani: कालाढूंगी में जन कल्याणकारी शिविर, 165 शिकायतों का मौके पर निस्तारण, 410 लोगों को मिला सीधा लाभ

Haldwani: कालाढूंगी में जन कल्याणकारी शिविर, 165 शिकायतों का मौके पर निस्तारण, 410 लोगों को मिला सीधा लाभ
शेयर करे-

Haldwani: उत्तराखंड सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के तहत शनिवार को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज मैदान, कालाढूंगी में विशाल जन कल्याणकारी एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ विधायक बंशीधर भगत और उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार ने किया। शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़ी 190 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 165 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शिविर से करीब 410 लोगों को सीधे लाभ मिला।

शिविर में सिंचाई, वन, भूमि, जल जीवन मिशन, भू-कटाव, विद्युत, दिव्यांग पेंशन, किसान सम्मान निधि, आय, जाति, स्थायी, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं लोगों ने अधिकारियों के समक्ष रखीं। विधायक बंशीधर भगत ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से एक लाभार्थी को 25 हजार रुपये का चेक प्रदान किया तथा पांच लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट भी वितरित की गई।

विधायक बंशीधर भगत और उप जिलाधिकारी सुधीर कुमार ने जनता की शिकायतों को सुनते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर में वर्षा से होने वाले भू-कटाव, सिंचाई, पेयजल, विद्युत और सड़क से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।

धमोला के किसान गट्टू राम कंबोज ने सिंचाई व्यवस्था और गांव में पैदल मार्ग निर्माण की मांग उठाई, जिस पर सिंचाई एवं नलकूप विभाग को तत्काल समाधान तथा वन विभाग और विकास खंड को स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। चकलुवा-निहाल नाले से हो रहे भू-कटाव को रोकने के लिए सिंचाई विभाग को तीन दिन के भीतर प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। वहीं चकलुवा निवासी पुष्कर सिंह की शिकायत पर वन और सिंचाई विभाग को संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

धमोला निवासी महेश चंद सती की सार्वजनिक मार्ग की शिकायत पर शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। गुलजारपुर बाकी के ग्रामीणों की गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने की मांग पर संबंधित अधिकारियों को जल्द कार्य पूरा करने को कहा गया। नयागांव-बाजपुर मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग पर लोक निर्माण विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

देवलचौड़ की ग्राम प्रधान नेहा पांडे द्वारा जल जीवन मिशन के निर्माण कार्य से क्षतिग्रस्त सड़क को ठीक कराने की मांग पर लोक निर्माण विभाग और पेयजल विभाग को तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। डाक बंगला वार्ड-2 में विद्युत समस्या तथा गुलजारपुर बाकी और वार्ड-2 में विद्युत पोल बदलने एवं सीधे कराने की शिकायतों पर विद्युत विभाग को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

देवलचौड़ के लाभार्थियों की दिव्यांग पेंशन और किसान सम्मान निधि संबंधी शिकायतों का मौके पर ही ऑनलाइन निस्तारण किया गया। सीमा देवी के एसईसीसी प्रमाण पत्र संबंधी आवेदन पर तत्काल कार्रवाई की गई। आय, स्थायी, आधार और जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़ी शिकायतों पर भी अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। हिम्मतपुर गेबुआ निवासी करनैल सिंह की भूमि खुटाबंदी की मांग पर राजस्व एवं वन विभाग को भूमि चिन्हीकरण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी में चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ की तैनाती की मांग भी उठी, जिस पर विधायक बंशीधर भगत ने शासन स्तर पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।

शिविर में उद्योग, कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण और खाद्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, प्रमाण पत्र संबंधी सेवाएं और विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दल दीपक सुयाल एंड पार्टी ने जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया तथा सूचना विभाग ने प्रचार सामग्री का वितरण किया।

विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ बिना भटकाव के पहुंचाना है और इसी उद्देश्य से जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *