Haldwani: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में जनपद नैनीताल में संचालित महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी निर्माण कार्य आक्रामकता के साथ तेज गति से किए जाएं ताकि मानसून से पहले ही सभी परियोजनाएं पूर्ण हो सकें।
जिलाधिकारी ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सामंजस्य पर जोर देते हुए कहा कि कार्यों की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, जिससे जनता के बीच सकारात्मक संदेश जाए। उन्होंने हल्द्वानी और रामनगर में एचपीसीएल द्वारा कराए जा रहे गैस पाइपलाइन कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि यूयूएसडीए और पेयजल विभाग के साथ समन्वय बनाकर हॉटमिक्स कार्य से पहले गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा कर लिया जाए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि पीलीकोठी क्षेत्र में गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य इसी सप्ताह पूर्ण किया जाएगा। रामनगर में पाइपलाइन कार्य की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 20 किलोमीटर में से 15 किलोमीटर में पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, जबकि शेष 5 किलोमीटर का कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा।
यूयूएसडीए द्वारा हल्द्वानी में सड़कों के हॉटमिक्स कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि 17 किलोमीटर के लक्ष्य के सापेक्ष केवल 12 किलोमीटर कार्य होना गंभीर विषय है। उन्होंने आगामी 10 दिनों में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि तय लक्ष्य समय पर पूरे किए जाएं।
जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि प्रथम टनल में 644 मीटर में से 544 मीटर तथा द्वितीय टनल में 600 मीटर में से 590 मीटर कार्य पूर्ण हो चुका है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मानसून से पूर्व दोनों टनलों का कार्य हर हाल में पूरा किया जाए।
इसके अलावा परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन कॉफर डैम, सिंचाई नहरों और विद्युत पोल शिफ्टिंग कार्यों की भी समीक्षा की गई। नहरों के किनारे अतिक्रमण चिन्हित कर नोटिस जारी किए जाने पर जिलाधिकारी ने तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
शहर के चौराहों के सौंदर्यीकरण कार्य को भी प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने एक माह के भीतर सभी चौराहों का कार्य पूर्ण करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेई, यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक कुलदीप कुमार, जमरानी बांध के सहायक महाप्रबंधक शाहनवाज अभय पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
