Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में गैस-पेट्रोल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य, जिलाधिकारी ने की अफवाहों से दूर रहने की अपील

Haldwani: हल्द्वानी में गैस-पेट्रोल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य, जिलाधिकारी ने की अफवाहों से दूर रहने की अपील
शेयर करे-

Haldwani: जनपद में गैस, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति को लेकर फैल रही आशंकाओं के बीच जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की कमी नहीं है और सभी आवश्यक ईंधनों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट से बचें।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन द्वारा सप्लाई चेन और स्टॉक की नियमित निगरानी की जा रही है। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी सहित सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में गैस, पेट्रोल और डीजल के स्टॉक की लगातार जांच सुनिश्चित करें।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जनपद की भारत, एचपी और इंडेन गैस एजेंसियों में पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है। उपभोक्ताओं को घबराकर गैस गोदामों तक जाने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सभी को होम डिलीवरी की सुविधा दी जा रही है।

जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले सप्ताह गैस का बैकलॉग लगभग 40 हजार था, जो अब घटकर 25 हजार रह गया है और स्थिति तेजी से सामान्य हो रही है। गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि पहले से बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। साथ ही लोगों से ऑनलाइन बुकिंग कराने की भी अपील की गई है।

इसके अलावा उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में पेट्रोल और डीजल की भी कोई कमी नहीं है। पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखी गई है और प्रशासन लगातार इसकी निगरानी कर रहा है। उन्होंने लोगों को चेतावनी दी कि आवश्यकता से अधिक ईंधन का भंडारण न करें, क्योंकि यह गंभीर अग्नि दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है।

जिलाधिकारी ने अंत में जनपदवासियों से अपील की कि वे किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह से दूर रहें और प्रशासन पर भरोसा बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *