Haldwani: मौसम विभाग द्वारा 1 और 2 जुलाई के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट के बीच नैनीताल जिले में बुधवार सुबह से लगातार हो रही भारी बारिश के चलते प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया। शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने पर नगर निगम और जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
भारी बारिश के कारण कई सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। शिकायत मिलने पर नगर आयुक्त परितोष वर्मा और सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेई ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान तिकोनिया चौराहे के समीप एक बड़े नाले में गाद और रुकावट मिलने पर अधिकारियों ने मौके पर ही सफाई के निर्देश दिए। इसके बाद जेसीबी और नगर निगम की टीम ने नाले की तत्काल सफाई शुरू कर दी, जिससे वर्षा जल की निकासी सुचारु हो सके और जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि नगर निगम की टीमें लगातार संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी कर रही हैं और जहां भी जलनिकासी बाधित होने की सूचना मिल रही है, वहां तुरंत कार्रवाई की जा रही है। वहीं सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेई ने नागरिकों से अपील की कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करें।

Chief Editor, Aaj Khabar
