Haldwani: एसएसपी नैनीताल डॉ० मंजूनाथ टी०सी० के निर्देशन में जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में काठगोदाम पुलिस ने शराब के नशे में हुड़दंग मचाने और वाहन चालक के साथ मारपीट कर वाहन में तोड़फोड़ करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है, साथ ही उनके वाहन को भी सीज कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 मार्च 2026 की शाम करीब 7 बजे नरीमन तिराहे के पास कुछ युवक शराब के नशे में धुत होकर एक वाहन चालक के साथ अभद्रता करने लगे। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया और आरोपियों ने चालक की गाड़ी में तोड़फोड़ कर क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर उपद्रव कर रहे युवकों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भाष्कर सिंह बिष्ट (23 वर्ष), निवासी पदमपुरी मुक्तेश्वर और हिमांशु कुमार (25 वर्ष), निवासी नवाबी रोड हल्द्वानी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करने और कानून व्यवस्था का उल्लंघन करने के आरोप में धारा 172(2) BNSS के तहत कार्रवाई की गई है। साथ ही घटना में प्रयुक्त वाहन को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, प्रभारी चौकी मल्ला काठगोदाम एवं उनकी टीम द्वारा अंजाम दिया गया।
नैनीताल पुलिस ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि देवभूमि में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। शराब के नशे में हुड़दंग, मारपीट या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जुर्माना और जेल दोनों शामिल हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम जनता और पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
