New Delhi: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने दिल्ली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस अहम बैठक में राज्य के विकास, आधारभूत संरचना और पर्यटन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया तथा उन्हें उत्तराखंड आने का निमंत्रण भी दिया।
मुलाकात के दौरान सीएम धामी ने प्रधानमंत्री को टिहरी स्थित शक्तिपीठ मां सुरकंडा देवी की प्रतिकृति, बदरी गाय का घी, विभिन्न जिलों से मंगाए गए पांच प्रकार के राजमा और शहद भेंट किए। साथ ही उन्होंने हरिद्वार कुंभ 2027 के लिए 500 करोड़ रुपये की सहायता, नदी जोड़ो परियोजना की फिजिबिलिटी स्टडी, राजाजी नेशनल पार्क स्थित चौरासी कुटिया के विकास और चारधाम यात्रा के लिए हेली सेवाओं में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश में विद्युत लाइनों के भूमिगतकरण, चम्पावत बाईपास, देहरादून रिंग रोड और देहरादून-मसूरी रोड जैसी परियोजनाओं की स्वीकृति पर भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वेडिंग डेस्टिनेशन नीति, आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र और शीतकालीन यात्रा की प्रगति की जानकारी भी दी।
बैठक में सीएम धामी ने दिल्ली-Meerut RRTS का विस्तार हरिद्वार और ऋषिकेश तक करने, रक्षा उपकरण निर्माण हब स्थापित करने, टिहरी झील में सी-प्लेन सेवा शुरू करने और दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे निर्माण जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी रखे। इसके अलावा ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन और हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन डबलिंग जैसे रेल प्रोजेक्ट्स को तेजी से पूरा करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने राज्य में होम-स्टे योजना, “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड, वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम और सौर स्वरोजगार योजना के जरिए स्थानीय रोजगार सृजन की दिशा में हो रहे कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड को वैश्विक वेडिंग और पर्यटन हब बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे, टिहरी पम्प्ड स्टोरेज प्लांट सहित कई परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के लिए उत्तराखंड आने का निमंत्रण दिया।

Chief Editor, Aaj Khabar
