Haldwani: शहर में नजूल भूमि पर अतिक्रमण की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। नगर निगम द्वारा लगातार अभियान चलाए जाने के बावजूद अतिक्रमणकारी दोबारा कब्जा करने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला राजपुरा क्षेत्र का सामने आया है, जहां करीब ढाई वर्ष पहले मुक्त कराई गई भूमि पर फिर से अवैध निर्माण शुरू कर दिया गया।
बुधवार को नगर आयुक्त परितोष वर्मा राजपुरा स्थित अस्थायी गोशाला का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान स्थानीय नागरिकों ने शिकायत की कि पास की नजूल भूमि पर एक व्यक्ति पार्किंग स्थल विकसित करने की तैयारी कर रहा है। शिकायत के अनुसार लगभग 2100 वर्गफुट भूमि पर कब्जे की नीयत से चारदीवारी खड़ी कर गेट भी लगा दिया गया है।
सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी करने और अवैध निर्माण को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने भी नगर निगम की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि यदि सख्ती लगातार जारी रही तो अतिक्रमण पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
