Headlines

Dehradun: देर रात दून अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, मरीजों से किया सीधा संवाद, सरकारी अस्पतालों को निजी के समकक्ष बनाने के सख्त निर्देश

Dehradun: देर रात दून अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, मरीजों से किया सीधा संवाद, सरकारी अस्पतालों को निजी के समकक्ष बनाने के सख्त निर्देश
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार देर रात्रि राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय, देहरादून का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी। अचानक हुए इस निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और व्यवस्थाओं को लेकर तत्काल सक्रियता बढ़ी।

मुख्यमंत्री ने आपातकालीन कक्ष, विभिन्न वार्डों, दवा वितरण केंद्र, स्वच्छता व्यवस्था तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया।

मरीजों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि अस्पताल में स्वच्छता, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, चिकित्सकीय स्टाफ की नियमित उपस्थिति तथा जांच सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने गंभीर मरीजों के उपचार में विशेष सतर्कता बरतने तथा तीमारदारों को समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाएं निजी अस्पतालों के समकक्ष बेहतर, आधुनिक और भरोसेमंद बनें, यह सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए राज्य सरकार संसाधनों का लगातार विस्तार कर रही है। आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय के चिकित्सक एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *