Headlines

Udham Singh nagar: ऊधम सिंह नगर में एसटीएफ का बड़ा खुलासा, फर्जी जन सेवा केंद्र से आधार-पैन-मार्कशीट बनाने वाला गिरफ्तार

Udham Singh nagar: ऊधम सिंह नगर में एसटीएफ का बड़ा खुलासा, फर्जी जन सेवा केंद्र से आधार-पैन-मार्कशीट बनाने वाला गिरफ्तार
शेयर करे-

Udham Singh nagar: मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उत्तराखंड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र में फर्जी तरीके से संचालित जन सेवा केंद्र का भंडाफोड़ किया है। एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने संयुक्त कार्रवाई में एक युवक को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने सभी टीमों को फर्जी जन सेवा केंद्रों, कूटरचित आधार, पैन, आयुष्मान और राशन कार्ड से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के पर्यवेक्षण तथा पुलिस उपाधीक्षक आर.बी. चमोला के निर्देशन में निरीक्षक विकास चौधरी के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की।

एसटीएफ के अनुसार गंगवार जन सेवा केंद्र में छापा मारकर चेतन कुमार (21 वर्ष), निवासी ग्राम एंचैरा थाना पटवाई जिला रामपुर (उ.प्र.), हाल पता गड्डा कॉलोनी ट्रांजिट कैम्प, को गिरफ्तार किया गया। आरोपी कंप्यूटर के माध्यम से फर्जी मार्कशीट तैयार करते हुए पकड़ा गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले एक वर्ष से यह अवैध कारोबार चला रहा था। सिडकुल क्षेत्र के निकट होने के कारण बाहरी राज्यों से आए लोग स्थानीय पहचान पत्र बनवाने उसके पास आते थे। सिडकुल में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता मिलने के चलते वह फर्जी तरीके से आधार कार्ड में नाम-पता संपादित कर प्रिंट निकालकर मोटी रकम में उपलब्ध कराता था।

तलाशी के दौरान 42 आधार कार्ड, 55 प्लास्टिक पैन कार्ड, 09 मार्कशीट, एक मॉनिटर, एक प्रिंटर, एक सीपीयू और बायोमैट्रिक फिंगर स्कैनर बरामद किया गया। जांच में पाया गया कि बरामद आधार कार्डों में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के पते अंकित थे, जिन्हें कूटरचित तरीके से तैयार किया जाना था।

आरोपी ने स्वीकार किया कि अब तक लगभग 400 से 500 लोगों के फर्जी दस्तावेज तैयार किए जा चुके हैं। थाना ट्रांजिट कैम्प में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जन सेवा केंद्र को सील कर दिया गया है। एसटीएफ ने स्पष्ट किया है कि राज्य में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *