Haldwani: जनपद नैनीताल के हल्द्वानी क्षेत्र में संचालित देशी और विदेशी मदिरा दुकानों से लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने आबकारी विभाग को तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम के निर्देशों के अनुपालन में बुधवार को आबकारी विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया।
इस दौरान देशी मदिरा की दुकानों काठगोदाम, नैनीताल रोड, तिकोनिया, लोहरियासाल सहित अन्य स्थानों तथा विदेशी मदिरा दुकानों काठगोदाम, नैनीताल रोड, तिकोनिया, कुसुमखेड़ा समेत कुल 12 दुकानों का गहन निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण में पाया गया कि कई दुकानों में स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं था, सीसीटीवी कैमरे बंद मिले और नई दरों के अनुसार रेट लिस्ट का अंकन भी नहीं किया गया था। इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित दुकानों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई और आगे की प्रशमनात्मक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट जिला आबकारी अधिकारी नैनीताल को भेज दी गई है।
प्रशासन ने सभी मदिरा विक्रेताओं और लाइसेंसधारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित मूल्य पर ही मदिरा की बिक्री सुनिश्चित करें और सभी अनियमितताओं को तत्काल सुधारें। अन्यथा भविष्य में और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी टीम में आबकारी निरीक्षक धीरेंद्र सिंह बिष्ट, उप आबकारी निरीक्षक कैलाश चंद जोशी तथा प्रधान आबकारी सिपाही चंद्रशेखर कांडपाल शामिल रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहने के संकेत दिए गए हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
