Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में EVCL क्रिकेट लीग के नाम पर लाखों की ठगी, पूर्व विधायक नारायण पाल भी पीड़ित

Haldwani: गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में EVCL क्रिकेट लीग के नाम पर लाखों की ठगी, पूर्व विधायक नारायण पाल भी पीड़ित
शेयर करे-

Haldwani: गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में प्रस्तावित EVCL (एवोक क्रिकेट लीग) क्रिकेट टूर्नामेंट को लेकर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। टूर्नामेंट की टीम बेचने, प्रचार और आयोजन की तैयारियों के नाम पर आयोजक द्वारा कई राज्यों के लोगों से लाखों रुपये की ठगी किए जाने के आरोप लगे हैं। इस प्रकरण में हल्द्वानी के प्रमुख व्यवसायी और पूर्व विधायक नारायण पाल भी पीड़ितों में शामिल बताए जा रहे हैं।

आरोप है कि आयोजक विकास ढाका ने EVCL के नाम पर बड़े स्तर की क्रिकेट लीग कराने का दावा करते हुए टीम मालिक बनाने, स्पॉन्सरशिप और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं के नाम पर मोटी रकम वसूली। बताया गया कि 3 फरवरी से गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में मैच आयोजित होने थे, लेकिन न तो किसी प्रकार की आधिकारिक अनुमति सामने आई और न ही आयोजन की ठोस तैयारियां दिखाई दीं।

पीड़ितों का कहना है कि सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ग्रुप और व्यक्तिगत संपर्कों के माध्यम से टूर्नामेंट का व्यापक प्रचार किया गया। नामी खिलाड़ियों की भागीदारी, लाइव स्ट्रीमिंग, आकर्षक इनामी राशि और प्रोफेशनल आयोजन जैसे दावों के आधार पर कई टीम मालिकों और प्रायोजकों से एंट्री फीस व अन्य खर्चों के नाम पर धनराशि ली गई।

शुरुआत में टूर्नामेंट की एक निश्चित तिथि बताई गई, लेकिन जैसे-जैसे आयोजन का समय नजदीक आया, आयोजक ने कभी पार्टनर की मौत तो कभी पिच तैयार न होने जैसे बहाने बनाकर तारीखें टालनी शुरू कर दीं। जब टीम मालिकों ने मैदान बुकिंग, अंपायर, स्कोरर और प्रशासनिक अनुमति से जुड़े दस्तावेज मांगे तो आयोजक टालमटोल करता रहा, जिससे संदेह और गहरा गया।

पूर्व विधायक नारायण पाल ने बताया कि उन्होंने आयोजन में शामिल होने के लिए ‘उत्तराखंड सोल्जर’ टीम खरीदी थी और शुरुआती तौर पर 3 लाख रुपये दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद आयोजन को लेकर कोई स्पष्ट स्थिति सामने नहीं आई।

मामले के तूल पकड़ने के बाद पीड़ित टीम मालिकों और अन्य लोगों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. से मुलाकात कर पूरे प्रकरण की शिकायत की। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आयोजक विकास ढाका को एक होटल से पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पुलिस यह जांच कर रही है कि कितने लोगों से कितनी धनराशि ली गई और ठगी का नेटवर्क कितना व्यापक है।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला फर्जी क्रिकेट टूर्नामेंट के नाम पर धोखाधड़ी का प्रतीत हो रहा है। जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद स्थानीय क्रिकेट खिलाड़ियों, कोचों और टीम मालिकों में आक्रोश है। उनका कहना है कि ऐसे फर्जी आयोजनों से न केवल खिलाड़ियों का मनोबल टूटता है, बल्कि खेल की साख को भी गंभीर नुकसान पहुंचता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *