Headlines

Nainital: निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी का पर्दाफाश, नैनीताल पुलिस ने दो मुख्य अभियुक्त दबोचे

Nainital: निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी का पर्दाफाश, नैनीताल पुलिस ने दो मुख्य अभियुक्त दबोचे
शेयर करे-

Nainital: अधिक ब्याज और गारंटी का झांसा देकर जनता से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े वित्तीय घोटाले का नैनीताल पुलिस ने खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर की गई कार्रवाई में एक वर्ष से अधिक समय से फरार चल रहे दो मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।

एसएसपी के निर्देशानुसार अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी और क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने कोतवाली रामनगर में दर्ज एफआईआर संख्या 246/23, धारा 409 आईपीसी के तहत दर्ज बड़े निवेश घोटाले का सफल अनावरण किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्तों ने वर्ष 2017 में “देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” नाम से हल्द्वानी (कपिल कॉम्प्लेक्स, मुखानी) और रामनगर में शाखाएं खोली थीं। उत्तराखंड सरकार से पंजीकरण का हवाला देकर अधिक ब्याज और गारंटी का प्रलोभन दिया गया। इसके माध्यम से अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल समेत कई जनपदों के सैकड़ों निवेशकों से धनराशि जमा कराई गई।

जांच में पाया गया कि संस्था के संचालक हेमचंद पंत (अध्यक्ष) और विकास दुर्गापाल (सचिव) ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर करीब 6 करोड़ 80 लाख रुपये का गबन किया और फरार हो गए। जांच के दौरान दोनों शाखाएं बंद मिलीं और अभियुक्तों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये के लेनदेन के प्रमाण सामने आए। न्यायालय से वारंट और कुर्की आदेश प्राप्त कर दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ तक दबिश दी गई। अंततः 4 फरवरी 2026 को दोनों मुख्य अभियुक्तों को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार अभियुक्तों के विरुद्ध अन्य थानों में भी धोखाधड़ी और ठगी के मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी संभावना है, जिनकी तलाश जारी है और शीघ्र ही और गिरफ्तारियां की जाएंगी।

गिरफ्तार अभियुक्तों में हेमचंद पंत (45 वर्ष), निवासी हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी और विकास दुर्गापाल (41 वर्ष), निवासी देहरिया, कोतवाली हल्द्वानी शामिल हैं। जांच में खातों में क्रमशः 2 करोड़ 26 लाख रुपये और 4 करोड़ 58 लाख रुपये की राशि का लेनदेन सामने आया है।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को एसएसपी नैनीताल द्वारा 2500 रुपये नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

एसएसपी नैनीताल ने आमजन से अपील की है कि अधिक लाभ के लालच से बचें और किसी भी संस्था या निवेश योजना में धन लगाने से पहले उसके पंजीकरण और वैधानिक स्थिति की स्वयं जांच करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *