Haldwani: शहर के तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर शनिवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और स्कूटी की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान चारों ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 10 बजे लालकुआं की ओर से आ रही स्कॉर्पियो संख्या UK04U-7275 ने तीनपानी फ्लाईओवर के घुमाव पर स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
दुर्घटना में राहुल राजपूत, शिवम, आशु गौरा और आदि टम्टा गंभीर रूप से घायल हुए। प्रारंभिक सूचना में तीन की मौत और एक के घायल होने की जानकारी मिली थी, लेकिन बाद में अस्पताल में उपचार के दौरान चौथे युवक आदि टम्टा ने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सुचारू कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
