Udham Singh Nagar: जिले में पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जन-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति लगातार अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। इसी क्रम में कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने दो पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि कोतवाली आईटीआई के प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ द्वारा पंजीकृत विवेचनाओं के पर्यवेक्षण में अपेक्षित गंभीरता नहीं बरती जा रही थी। इसके अलावा पीड़ितों की शिकायतों की सुनवाई और निस्तारण में अनावश्यक विलंब किया जा रहा था। उच्चाधिकारियों के निर्देशों के बावजूद विवेचनाओं के पर्यवेक्षण में शिथिलता और लापरवाही सामने आने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।
वहीं चौकी पैगा के प्रभारी उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह पर भी पीड़ितों की शिकायतों के निस्तारण में देरी और अपने दायित्वों के प्रति उदासीनता बरतने के आरोप पाए गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने उन्हें भी तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने के आदेश जारी किए।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि जनपद में पुलिस कार्यों में लापरवाही, पीड़ितों की शिकायतों के प्रति असंवेदनशीलता तथा उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता को समयबद्ध और प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
