Uttarakhand: बदरीनाथ धाम में मंदिर के चढ़ावे की कथित हेराफेरी मामले की जांच अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। पुलिस को मंदिर परिसर और गणना कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से अहम साक्ष्य मिले हैं। फुटेज में बीकेटीसी का निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल मोबाइल फोन के नीचे नोटों की गड्डी, सोने-चांदी जैसे सिक्के और धार्मिक वस्तुएं लेकर बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की तैयारी तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। फुटेज में आरोपी तीन अलग-अलग बार गणना कक्ष में प्रवेश करता और हर बार हाथ में सामान लेकर बाहर आता नजर आ रहा है। उस समय श्रद्धालुओं के चढ़ावे की गणना चल रही थी। फुटेज में उसके हाथ में सोने-चांदी जैसे सिक्कों के अलावा शालिग्राम जैसी धार्मिक वस्तु भी दिखाई देने की बात सामने आई है।
शनिवार को पुलिस टीम ने मंदिर परिसर पहुंचकर मामले की गहन जांच जारी रखी। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रही संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर बीकेटीसी कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटना से पहले की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा सकें।
उधर, बीकेटीसी की आंतरिक जांच भी पूरी हो चुकी है और समिति अपनी रिपोर्ट जल्द मुख्य कार्याधिकारी को सौंपेगी। पुलिस उपाधीक्षक एवं विवेचना के पर्यवेक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि सीसीटीवी में सामने आए तथ्यों के आधार पर पूछताछ और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई जारी है।
मामला सामने आने के बाद आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल ने 5 से 12 जुलाई तक आकस्मिक अवकाश लिया था। रविवार को उसका अवकाश समाप्त हो रहा है। बीकेटीसी पहले ही उसे निलंबित कर ज्योतिर्मठ कार्यालय से संबद्ध कर चुकी है। संभावना है कि वह सोमवार को ज्योतिर्मठ कार्यालय में उपस्थित हो सकता है।

Chief Editor, Aaj Khabar
