Haldwani: ओएसिस द वर्ल्ड स्कूल में रविवार को विद्यालय का 11वाँ वार्षिक समारोह “उत्सव 2025” हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। इस वर्ष समारोह की थीम “रेट्रो से मेट्रो – हास्य उत्सव एवं उत्तराखंड रजत जयंती समारोह” रही, जिसने दर्शकों को अतीत से वर्तमान की सांस्कृतिक यात्रा का जीवंत अनुभव कराया।
कार्यक्रम में प्रस्तुत रेट्रो गीतों, हास्य नृत्य प्रस्तुतियों एवं कुमाऊँनी-गढ़वाली लोकनृत्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उत्तराखंड के गठन के 25 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा को समर्पित विशेष कुमाऊँनी नृत्य प्रस्तुति समारोह का प्रमुख आकर्षण रही। विद्यार्थियों ने लोकसंगीत, पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक रंगों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध कला एवं विरासत को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिस पर सभागार देर तक तालियों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसंस्कृति एवं कला से जुड़े नरेंद्र सिंह टोलिया रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ रंगकर्मी घनश्याम भट्ट, लोकगायक गणेश मार्तोलिया, लोकगायक संदीप सोनू तथा समाजसेवी ओ.पी. पांडेय उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन एवं संस्कारों के महत्व से अवगत कराते हुए लोककला और संस्कृति के प्रति उनकी जागरूकता की सराहना की तथा विद्यालय के प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या आशा जोशी ने अपने संबोधन में विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी दी और अभिभावकों, शिक्षकों व विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सशक्त एवं प्रभावी मंच संचालन शम्भू दत्त साहिल एवं अंजू नगरकोटी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक किशोर गहतोड़ी सहित सरोज आनंद जोशी, डॉ. प्रवीन रौतेला, दयासागर बिष्ट, मोहन जोशी, विपिन चंद्र पांडेय तथा अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह सांस्कृतिक एकता, प्रतिभा और उल्लास के संदेश के साथ स्मरणीय बनकर सम्पन्न हुआ।


Chief Editor, Aaj Khabar
