Dehradun: उत्तरकाशी जिले की पुरोला विधानसभा से पूर्व विधायक राजेश जुंवाठा का लंबी बीमारी के बाद 49 वर्ष की आयु में देहरादून में निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से देहरादून के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन थे। उनके असामयिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
राजेश जुंवाठा वर्ष 2007 में पुरोला विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए थे। बाद के वर्षों में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की और सक्रिय राजनीति में अपनी भूमिका निभाते रहे। वे सरल स्वभाव और जनसरोकारों से जुड़े नेता के रूप में जाने जाते थे।
राजेश जुंवाठा का राजनीतिक और सामाजिक परिवार से गहरा नाता रहा है। उनके पिता बर्फी लाल जुंवाठा, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में एकीकृत उत्तर प्रदेश सरकार में पर्वतीय विकास मंत्री रह चुके थे। वहीं उनकी माता विकासनगर नगर पालिका की अध्यक्ष के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।
उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुरोला विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक राजेश जुंवाठा के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों और समर्थकों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की ईश्वर से कामना की।
राजेश जुंवाठा के निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।

Chief Editor, Aaj Khabar
