Headlines

Lalkuan: राम जन्म उत्सव पर भावविभोर हुआ कथा पंडाल, श्रद्धालुओं से उमड़ा आस्था का जनसैलाब

Lalkuan: राम जन्म उत्सव पर भावविभोर हुआ कथा पंडाल, श्रद्धालुओं से उमड़ा आस्था का जनसैलाब
शेयर करे-

Lalkuan: राधे–राधे सेवा समिति के तत्वावधान में 25 एकड़ जाल क्षेत्र में आयोजित श्री राम कथा ज्ञान यज्ञ के पंचम दिवस पर राम जन्म उत्सव का भव्य एवं भावपूर्ण आयोजन किया गया। मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के जन्म प्रसंग के सजीव वर्णन से कथा पंडाल श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हो उठा। कथा व्यास पं. पंकज मिश्रा मयंक द्वारा रामायण शैली में जैसे ही श्री राम जन्म की कथा प्रस्तुत की गई, पूरा वातावरण “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

कथा व्यास ने श्री राम कथा के श्रवण से होने वाले आध्यात्मिक, मानसिक एवं सामाजिक प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक लोगों से रामायण श्रवण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्री राम के आदर्श, मर्यादा, सत्य और त्याग आज के समाज के लिए मार्गदर्शक हैं, जिन्हें अपनाकर ही एक सशक्त और आदर्श समाज का निर्माण संभव है।

कथा के दौरान व्यास पीठ से धनुष यज्ञ एवं शिव धनुष से जुड़े प्रसंग का भी अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया गया। बताया गया कि जिस शिव धनुष को बड़े-बड़े राजा और योद्धा हिला तक नहीं पाए, उसे माता सीता ने सहज भाव से उठाकर अलग स्थान पर रख दिया। राजा जनक के पूछने पर माता सीता के विनम्र उत्तर ने उपस्थित श्रद्धालुओं को श्री राम और माता सीता की दिव्य लीलाओं में भावविभोर कर दिया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल के सीईओ अजय कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष नरेश चंद्रा एवं एस.के. बाजपेई, हेमवती नंदन दुर्ग पाल और कमलेश चंदोला को कथा व्यास द्वारा राम नाम का पटका पहनाकर तथा भगवान श्री रामचंद्र जी का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। यजमान श्री एवं श्रीमती कुलदीप मिश्रा तथा उमेश तिवारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

कार्यक्रम में राधे–राधे सेवा समिति की महिला मंडल की टीम से अमन चंद्रा, गुड़िया शाह, किशन चंद्रा, पूजा कश्यप, पूर्णिमा कश्यप, बबली मौर्य, मनजीत कौर, राजो देवी, रुचि शाह, ऋतु छाबड़ा, वैशाली मौर्य, सोनी मौर्य, सुमन साहा सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। वहीं समिति के अध्यक्ष संजीव शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *