Headlines

Haldwani: ग्रीन हार्टफुलनेस रन में उमड़ा उत्साह, वृक्षारोपण के साथ दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Haldwani: ग्रीन हार्टफुलनेस रन में उमड़ा उत्साह, वृक्षारोपण के साथ दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
शेयर करे-

Haldwani: हार्टफुलनैस ध्यान केन्द्र, फत्ताबंगर, गोरापड़ाव में रविवार प्रातः 7:30 बजे “ग्रीन हार्टफुलनेस रन एवं वृक्षारोपण” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण और बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विश्व स्तर पर आयोजित होने वाली इस दौड़ का यह तीसरा संस्करण रहा। इसका प्रथम संस्करण वर्ष 2023 में हुआ था, जिसमें 4000 वृक्षों का रोपण और 3500 प्रतिभागियों की भागीदारी दर्ज की गई थी। इस वर्ष भारत में 1,00,000 उन्नतशील प्रजातियों के पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

1.5 किलोमीटर दूरी की यह दौड़ हार्टफुलनैस मेडिटेशन सेंटर से सहजपुरम एन्क्लेव तक आयोजित हुई, जिसमें छोटे बच्चों से लेकर 93 वर्ष तक के बुजुर्ग प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बी.एल.एम. अकैडमी स्कूल, फत्ताबंगर, गोरापड़ाव के विद्यार्थियों की विशेष भागीदारी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही।

दौड़ समाप्ति के बाद ध्यान केंद्र प्रांगण में आंवला और सहजन के पौधों का वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम के दौरान संकलित धनराशि का उपयोग देशभर के विभिन्न क्षेत्रों में बंजर भूमि को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से किया जाएगा। इस वैश्विक आयोजन का मुख्य कार्यक्रम हार्टफुलनेस के अंतरराष्ट्रीय केंद्र—कान्हा शांतिवनम, हैदराबाद में संपन्न हुआ।

दौड़ के उपरांत सभी प्रतिभागियों को तनाव-मुक्ति और बेहतर जीवन प्रबंधन के लिए हार्टफुलनैस रिलैक्सेशन एवं ध्यान का अनुभव कराया गया। आयोजन स्थल पर जलपान व नाश्ते की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के अंत में हार्टफुलनेस केंद्र के समन्वयक श्री अनिल सिंह बिष्ट ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया, जबकि संचालन श्री विष्णु दत्त उपाध्याय द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *