Haldwani: नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम द्वारा वार्ड संख्या-4 के आवास विकास स्थित श्री पंचेश्वर मंदिर प्रांगण में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में महापौर गजराज सिंह बिष्ट के मार्गदर्शन में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी एकता बिष्ट ने विशेष रूप से भाग लिया। इस दौरान नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने एकता बिष्ट को स्वच्छता जागरूकता के लिए नगर निगम का स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर घोषित किया।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि जब प्रत्येक नागरिक अपने घर और आसपास स्वच्छता अपनाएगा, तभी शहर को गंदगी मुक्त बनाया जा सकेगा। उन्होंने “स्वच्छ हल्द्वानी, स्वस्थ हल्द्वानी” का संकल्प दोहराते हुए कहा कि स्वच्छता का सकारात्मक प्रभाव आने वाली पीढ़ियों पर भी पड़ेगा।
नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने कहा कि नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। वहीं ब्रांड एंबेसडर एकता बिष्ट ने नगर निगम एवं महापौर का आभार जताते हुए नागरिकों से स्वच्छ भारत मिशन से जुड़ने और हल्द्वानी को स्वच्छता में नंबर वन बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, पूर्व महापौर डॉ. जोगेंद्र पाल रौतेला समेत कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने एकता बिष्ट को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस पहल से शहरवासियों में स्वच्छता को लेकर नई प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्षद हेमा भट्ट ने की। इस दौरान नगर निगम के कई पार्षद, अधिकारी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
