Haldwani: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर कुमाऊं मंडल के शहरों में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की पहल पर कुमाऊं के 14 शहरों के लिए 2043 करोड़ रुपये की ड्रेनेज योजना तैयार कर शासन को भेजी गई थी, जिसकी शुक्रवार को सचिवालय में समीक्षा की गई।
प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम ने सिंचाई विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रस्तावों पर चर्चा की। बैठक में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए और जलभराव प्रभावित क्षेत्रों के लिए तैयार मास्टर प्लान की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रथम चरण में जलभराव से सबसे अधिक प्रभावित 10 शहरों में प्राथमिकता के आधार पर कार्य शुरू किया जाएगा। इनमें टनकपुर, बनबसा, खटीमा, रुद्रपुर, काशीपुर, गदरपुर, सितारगंज, हल्द्वानी और मालधनचौड़ शामिल हैं। इन शहरों के सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में पहले ड्रेनेज निर्माण कार्य कराया जाएगा ताकि बरसात के दौरान लोगों को राहत मिल सके।
प्रमुख सचिव ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और मास्टर प्लान के अनुसार चरणबद्ध तरीके से परियोजनाओं को पूरा किया जाए। प्रथम चरण के बाद शेष चार शहरों को दूसरे चरण में शामिल किया जाएगा।
बैठक में सिंचाई विभाग सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
