Headlines

Haldwani: एसएसपी कार्यालय हंगामे पर कल रात बीजेपी का कांग्रेस के खिलाफ पुतला दहन, हल्द्वानी में बढ़ा सियासी तनाव

Haldwani: एसएसपी कार्यालय हंगामे पर कल रात बीजेपी का कांग्रेस के खिलाफ पुतला दहन, हल्द्वानी में बढ़ा सियासी तनाव
शेयर करे-

॰ एसएसपी कार्यालय हंगामे पर देर रात बीजेपी का कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन

Haldwani: हल्द्वानी में कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली से पहले एसएसपी कार्यालय में हुए हंगामे को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच तनाव बढ़ गया है। शनिवार देर रात बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का पुतला दहन कर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस नेताओं पर पुलिस अधिकारियों से अभद्रता और अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए कड़ा आक्रोश जताया।

दरअसल, शनिवार को हल्द्वानी में कांग्रेस की विजय शंखनाद रैली आयोजित की गई थी। रैली से पहले बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता एसएसपी कार्यालय पहुंचे थे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन ने कार्यकर्ताओं से भरे वाहनों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने से पहले रोक दिया। इसी मुद्दे को लेकर एसएसपी कार्यालय में काफी देर तक हंगामा और प्रदर्शन हुआ।

घटना के बाद बीजेपी ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शनिवार देर रात बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के खिलाफ भी नारे लगाए। बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की रैली में अपेक्षा के अनुरूप भीड़ नहीं जुटने के बाद कांग्रेस नेताओं ने इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन पर डालने की कोशिश की।

मंडी परिषद अध्यक्ष अनिल कुमार डब्बू ने कांग्रेस नेताओं के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि अधिकारियों के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने का दावा करने वाले नेताओं को अधिकारियों के साथ मर्यादित भाषा और व्यवहार का परिचय देना चाहिए।

वहीं, बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने भी पूरे घटनाक्रम की निंदा की। उन्होंने कहा कि जिले के कप्तान के लिए अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। बीजेपी नेताओं ने वायरल वीडियो का हवाला देते हुए कांग्रेस नेताओं के व्यवहार पर सवाल उठाए और कहा कि घटना को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं और युवाओं में आक्रोश है।

एसएसपी कार्यालय में हुए हंगामे के बाद देर रात बीजेपी के प्रदर्शन ने हल्द्वानी की सियासत को और गरमा दिया है। कांग्रेस और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप के बीच दोनों दलों में तनाव साफ नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *