Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Dehradun: मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून में निकाली तिरंगा यात्रा, बोले देवभूमि के कण कण में बसी है राष्ट्रभक्ति

Dehradun: मुख्यमंत्री धामी ने देहरादून में निकाली तिरंगा यात्रा, बोले देवभूमि के कण कण में बसी है राष्ट्रभक्ति
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गांधी पार्क से घंटाघर तक आयोजित हर घर तिरंगा यात्रा में हजारों लोगों के साथ प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

यात्रा से पहले मुख्यमंत्री ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्व. इंद्रमणि बडोनी और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र गौरव का उत्सव है और तिरंगा करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे की आन, बान और शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सभी को सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के तेजी से आगे बढ़ने का दावा करते हुए कहा कि मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति और स्वदेशी तकनीक के जरिए देश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने दुनिया को अपनी सैन्य ताकत का परिचय दिया है।

धामी ने उत्तराखंड को देवभूमि के साथ वीरभूमि बताते हुए कहा कि प्रदेश की मिट्टी ने देश को अनगिनत वीर सैनिक दिए हैं। राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने राज्य की विकास उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछले एक वर्ष में उत्तराखंड की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की ऐतिहासिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या 1750 से अधिक हो गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है और सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि देवभूमि के मूल स्वरूप से किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।

धामी ने राज्य सरकार की सख्त नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून और समान नागरिक संहिता लागू की गई है। उन्होंने बताया कि करीब 13 हजार एकड़ सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त कराया गया है। सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले करीब पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिलने का भी दावा किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि नौकरी देने वाला बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे और पर्यटन नीति समेत कई योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

इस दौरान राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी व सौरभ बहुगुणा, विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल समेत भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *