Haldwani: देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं संवर्धित करने के उद्देश्य से हल्द्वानी में झोड़ा उत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक जितेंद्र मेहता ने की। प्रदेश सह संयोजक विनोद भट्ट और जिला सह संयोजक प्रियंका जोशी ने संयुक्त रूप से मंच संचालन किया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड की पारंपरिक लोक संस्कृति और कलाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों और लोक परंपराओं को जीवंत रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
मुख्य वक्ता भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी कौस्तुभ ने युवाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली के बीच युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों को नहीं भूलना चाहिए। झोड़ा उत्सव जैसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उत्सव में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा सभागार उत्तराखंडी संस्कृति के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मेयर गजराज बिष्ट, साकेत अग्रवाल, हुकूम सिंह कुंवर सहित कई वरिष्ठ नेता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे और उन्होंने लोक संस्कृति के संरक्षण के महत्व पर अपने विचार रखे।
झोड़ा उत्सव को सफल बनाने में जिला संयोजक देवेंद्र बिष्ट, कैलाश चंद्र जोशी, संदीप सिंह भोज, किशोर जोशी, कमल पांडे, चंदन किरोला और पार्षद चंदन मेहता का विशेष योगदान रहा।

Chief Editor, Aaj Khabar
