Haldwani: जिले में कृषि उत्पादन के सटीक आंकलन को लेकर प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शनिवार को हल्द्वानी तहसील के ग्राम हरिपुरा तुलाराम राजस्व गांव में रबी फसल की क्रॉप कटिंग का निरीक्षण कर प्रयोग संपन्न कराया।
जिलाधिकारी ने किसान नागेंद्र सिंह पुत्र गोपाल सिंह के खेत में 43.3 वर्ग मीटर के प्लाट पर पहुंचकर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत रबी फसल की कटाई का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से उनकी फसलों और उत्पादन के बारे में जानकारी भी प्राप्त की।
डीएम रयाल ने किसानों को फसल क्षति से बचाव के लिए फसल बीमा योजना से जुड़ने की सलाह दी और कहा कि यह योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं के दौरान आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है।
मौके पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्रॉप कटिंग की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और तय मानकों के अनुसार की जाए, ताकि फसल उत्पादन का वास्तविक और वैज्ञानिक आकलन सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग कृषि क्षेत्र में प्रति हेक्टेयर उपज का सही आंकलन करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए प्राप्त आंकड़े सरकार द्वारा समर्थन मूल्य निर्धारण, खाद्यान्न खरीद और विभिन्न कृषि योजनाओं के प्रभावी संचालन में अहम भूमिका निभाते हैं। साथ ही, यही प्रक्रिया प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को बीमा दावों के भुगतान का आधार भी बनती है।
इस दौरान तहसीलदार कुलदीप पाण्डे, कानूनगो बृजेश कुमार, राजस्व उप निरीक्षक अरुण वर्मा, अपर सांख्यिकी अधिकारी महेंद्र सिंह डांगी, मीना नेगी और बीमा कंपनी के प्रतिनिधि हेम सिंह नेगी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
